नीट-2026 पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस करेगी भाजपा मुख्यालय का घेराव

Spread the love

जयपुर, 18 मई । नीट-2026 परीक्षा पेपर लीक मामले और इसमें भाजपा नेताओं की कथित संलिप्तता के विरोध में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी 21 मई को जयपुर में भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में होने वाले इस विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेन्द्र प्रधान के इस्तीफे और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की मांग उठाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि नीट-2026 का पेपर लीक होना देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसके लिए केंद्र सरकार और एनटीए पूरी तरह जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आई है तथा पूर्व वर्षों में भी नीट परीक्षाओं के पेपर लीक होने के बावजूद केंद्र सरकार ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने कहा कि नीट-2025 और नीट-2024 में भी पेपर लीक के मामले सामने आए थे, लेकिन दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए। साथ ही आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार को नीट-2026 पेपर लीक की जानकारी होने के बावजूद मामले को लंबे समय तक दबाकर रखा गया और पुलिस ने समय पर एफआईआर तक दर्ज नहीं की। चतुर्वेदी के अनुसार,21 मई को सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इसके बाद जुलूस के रूप में शहीद स्मारक होते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर घेराव और विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन सुबह 11 बजे से शुरू होगा।