पलामू, 21 मई । उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत गुरुवार को औचक निरीक्षण के तहत छत्तरपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान बीडीओ सह सीओ कार्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए। जानकारी दी गई कि वे मुनकेरी गांव में आंगनबाड़ी सेविका चयन कार्य के लिए गए हुए हैं। कार्यालय पहुंचने के बाद उपायुक्त सीधे अंचल अधिकारी कक्ष में पहुंचे और वहां मौजूद आमजनों से स्वयं मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुननी शुरू की। इस दौरान 10 से अधिक ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों से उन्हें अवगत कराया।
जनसुनवाई के दौरान एक लगभग 70 वर्षीय वृद्ध लाठी के सहारे कार्यालय पहुंचे। वृद्ध चलने में असहज महसूस कर रहे थे और लड़खड़ाते हुए अपनी समस्या बताने पहुंचे थे। यह देखकर उपायुक्त स्वयं आगे बढ़े, उन्होंने वृद्ध को सहारा देकर बैठाया और पूरे धैर्य के साथ उनकी बात सुनी। वृद्ध ने आपसी बंटवारे से संबंधित अपनी शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखी।
कउल के दिनदाग गांव से आए दिव्यांग उपेंद्र यादव ने उपायुक्त को बताया कि उन्हें ट्राई साइकिल की जरूरत है, लेकिन सीओ की अनुपस्थिति के कारण उन्हें आशंका थी कि आज भी उन्हें बिना सहायता के लौटना पड़ेगा। उपायुक्त ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा कि आपको निराश होने की जरूरत नहीं है, आज आप अपने साथ ट्राई साइकिल लेकर ही जाएंगे।
उपेंद्र यादव को ऑन स्पॉट ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी गई।
वहीं उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड एवं अंचल कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान कार्यालय अवधि में अनुपस्थित पाए गए कर्मियों से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान अबुआ आवास योजना अंतर्गत हुटुकदाग और मड़वा पंचायत में प्लिंथ जियोटैग लंबित पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिव को शोकॉज किया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना में प्लिंथ जियोटैग लंबित रहने के कारण खोरही, पिन्द्राही और बगैया पंचायत के पंचायत सचिवों को भी शोकॉज जारी करने का निर्देश दिया गया। इसी तरह कार्य में लापरवाही को लेकर मनरेगा बीपीओ से भी स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया।