राजगढ़, 22 मई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने चोरी, नकबजनी और लूट के मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन लाख 55 हजार 200 रुपय् कीमती शत-प्रतिशत माल बरामद किया।
थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने शुक्रवार को बताया कि 6 मार्च को फरियादी लालसिंह पुत्र मनीराम, निवासी ग्राम राजलिबे द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि अज्ञात बदमाश परेड ग्राउंड से उसकी बाइक क्रमांक एमपी 39 जेडडी 6295 चोरी कर ले गया। वहीं 26 अप्रैल को फरियादी कृष्णचंद्र पुत्र बद्रीलाल कोसरवाल ने रिपोर्ट की, अज्ञात बदमाश पेड़ पौधों को पानी देने की मोटर, लोहे के एंगल व बिजली की डोरी (कीमत लगभग25 हजार) चोरी कर ले गया। एक मई की रात अज्ञात व्यक्ति खोयरी महादेव मंदिर की दानपेटी से लगभग 1500 रुपये चोरी कर ले गया। फरियादी अरुण पुत्र घनश्याम वाल्मीकि द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि मिड वे ट्रीट में प्रातः चार्जिंग पर रखा वीवो मोबाइल अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। 20 मई को फरियादी दीपक पुत्र ओमप्रकाश विश्वकर्मा व उसके साथी से दो अज्ञात बदमाश चाकू की नोक पर आईफोन व सेमसंग कंपनी का मोबाइल लूट कर ले गए। पुलिस ने मामलों में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित सूरज (19) पुत्र रामप्रसाद भील और राकेश (22) पुत्र जगदीश भील निवासी ग्राम हिनोतिया थाना दांगीपुरा राजस्थान को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से मोबाइल, मोटर, बाइक और नकदी सहित तीन लाख 55 हजार 200 रुपये का मशरुका बरामद किया।