हरिद्वार, 24 मई । चारधाम यात्रा और गंगा दशहरा स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और डॉग स्क्वायड की टीमें रविवार को भी संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों, बीडीएस एवं डॉग स्क्वायड टीमों को 24 घंटे सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में रविवार को बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीमों ने ऋषिकुल स्थित चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन केंद्र, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और चंडी देवी मंदिर परिसर सहित विभिन्न भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
टीमों ने अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्वानों की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की गहन जांच की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यात्रा और पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।