दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता : उपायुक्त

Spread the love

खूंटी, 12 जून । समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में दिव्यांग बच्चों के विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य शुक्रवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। विशेष नामांकन अभियान 24 जून तक संचालित किया जाएगा।

बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले का कोई भी योग्य दिव्यांग बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों को घर-घर सर्वेक्षण कर ऐसे बच्चों की पहचान करने और उनका शीघ्र विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उपायुक्त ने दिव्यांग बच्चों के लिए बनाए जाने वाले यूआईडी कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए सिविल सर्जन को प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने के निर्देश दिया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का यूआईडी कार्ड बनवाने के लिए सदर अस्पताल में संपर्क करने की अपील की। साथ ही दूरदराज क्षेत्रों में भी यूआईडी कार्ड निर्माण की सुविधा उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।

बैठक में व्हीलचेयर सहित अन्य सरकारी सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की गई। उपायुक्त ने पात्र बच्चों को समय पर सभी लाभ उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में दिव्यांग अनुकूल आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से शौचालयों में रैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।