कार ने दो स्कूली छात्राओं को रौंदा, एक छात्रा गंभीर

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 12 जून । जिले के आयता गांव चौक पर शुक्रवार सुबह हुए एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्कूल बस का इंतजार कर रही दो छात्राएं उस समय घायल हो गईं, जब एक तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़ी दोनों बच्चियों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे बढ़ गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, छात्रा अनुष्का कुमारी पान (07) और लवली तांती (08) सुबह स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे एक होटल के पास खड़ी थीं। उसी दौरान होटल की ओर मुड़ रही एक कार को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार कई फीट तक घिसटती चली गई और दोनों छात्राओं से जा टकराई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चियों को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान पाया कि अनुष्का के सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी छात्रा लवली तांती को हल्की चोटें आई हैं और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और दोषी ट्रेलर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कुछ लोगों ने चालक के साथ मारपीट भी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने संरक्षण में लिया।

सड़क जाम की वजह से मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया और यातायात फिर से सामान्य हो सका।

इस बीच घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि ट्रेलर की टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर छात्राओं की ओर बढ़ती है और उन्हें अपनी चपेट में ले लेती है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रेलर और कार को जब्त कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।