न्यूयॉर्क, 17 जून । दो बार की विश्व चैंपियन फ्रांस ने फीफा विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। मंगलवार को खेले गए ग्रुप-आई मुकाबले में फ्रांस ने सेनेगल को 3-1 से हराया, जिसमें स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे ने दो गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पहले हाफ में सेनेगल ने फ्रांस को कड़ी चुनौती दी और कई मौके भी बनाए, लेकिन गोल करने में नाकाम रही। फ्रांस की टीम भी शुरुआती 45 मिनट में संघर्ष करती नजर आई।
दूसरे हाफ में कोच दिदिए देशां की रणनीति काम आई। माइकल ओलीसे को दाएं विंग से बीच में लाने के बाद फ्रांस के आक्रमण में तेजी आई। इसका फायदा 66वें मिनट में मिला जब ओलीसे के शानदार पास पर एम्बाप्पे ने बॉक्स में दौड़ लगाते हुए गोल कर फ्रांस को 1-0 की बढ़त दिला दी।
इसके बाद फ्रांस ने दबाव बनाए रखा और मैच के अंतिम चरण में ब्रैडली बारकोला ने दूसरा गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया।
हालांकि अतिरिक्त समय में सेनेगल के लिए इब्राहिम एमबाये ने एक गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया, लेकिन फ्रांस की बढ़त ज्यादा देर तक खतरे में नहीं रही।
मैच के 96वें मिनट में एम्बाप्पे ने लंबी दूरी से शानदार शॉट लगाकर अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दाग दिया। इस गोल के साथ एम्बाप्पे फ्रांस के सर्वकालिक सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उनके नाम अब अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 58 गोल हो गए हैं।
विश्व कप इतिहास में भी एम्बाप्पे ने नया मुकाम हासिल किया। उनके विश्व कप गोलों की संख्या 14 हो गई है और अब वह सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोज़े (16 गोल) से सिर्फ दो गोल पीछे हैं। एम्बाप्पे ने इस सूची में पेले, लियोनेल मेसी और जस्ट फोंटेन को पीछे छोड़ दिया है।
फ्रांस अब अपने अगले मुकाबले में इराक से भिड़ेगा, जबकि उसके बाद उसका सामना एरलिंग हालांड की टीम नॉर्वे से होगा। वहीं सेनेगल को नॉकआउट दौर की उम्मीद बनाए रखने के लिए आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।