राजगढ़, 18 जून । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में आयोजित जनकल्याण शिविरों की जानकारी लेने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी गुरुवार को सारंगपुर विकासखंड के ग्राम बाबल्दा के लिए रवाना हुए। दोनों अधिकारी जिला अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से बस द्वारा जनकल्याण शिविर में शामिल होने के लिए निकले।
रवाना होने से पहले अधिकारियों ने शिविर की तैयारियों और विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी ली। यात्रा के दौरान भी विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर यह सुनिश्चित किया गया कि शिविर में आने वाले ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
प्रशासन के अनुसार ग्राम बाबल्दा में आयोजित जनकल्याण शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण, पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरण तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देने पर विशेष जोर रहेगा। शिविर के माध्यम से आमजन और प्रशासन के बीच सीधे संवाद की व्यवस्था भी की गई है, जिससे लोगों की शिकायतों और मांगों पर मौके पर ही कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनकल्याण शिविर इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।