उरई, 21 जून । पूरा जिला 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय वातावरण में डूबा रहा। इस वर्ष की थीम को आत्मसात करते हुए पुलिस लाइन उरई में आयोजित मुख्य जनपदीय कार्यक्रम से लेकर ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं सामाजिक संस्थाओं तक सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया।
बता दें कि मुख्य अतिथि गोसेवा आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के सचिव कृषि एवं जनपद के नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि महेश कुमार शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग भारत की सीमाओं से निकलकर पूरी दुनिया की जीवनशैली का हिस्सा बना है। योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को निरोग, मन को शांत और विचारों को सकारात्मक बनाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में योग, स्वास्थ्य और अनुशासन को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।
विशिष्ट अतिथि इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों के इस दौर में योग स्वस्थ, संतुलित और दीर्घायु जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।
गौरतलब है कि वैज्ञानिक शोध भी योग को वृद्धावस्था में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य सुधारने, संतुलन, लचीलापन और हृदय स्वास्थ्य के लिए प्रभावी पाते हैं।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाकर भारत की गौरवशाली परंपरा को विश्व के सामने स्थापित किया है। योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि आज जालौन जनपद ने योग के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत किया है। पुलिस लाइन उरई के मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और सामाजिक संस्थाओं में लगभग 9 लाख लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जालौन, स्वस्थ उत्तर प्रदेश और स्वस्थ भारत का संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक संख्या नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के “योग से निरोग” के वैश्विक संदेश और मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं सशक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प में जनपद की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है।
योग अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन प्रदान करता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन योग को जीवन का हिस्सा बनाए, तो स्वस्थ समाज का लक्ष्य सहज रूप से प्राप्त किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि योग तनावमुक्त जीवन और मानसिक दृढ़ता का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता, एकाग्रता और निर्णय क्षमता में वृद्धि होती है।