फतेहाबाद पुलिस ने हत्या के मामले में पांच हजार का इनामी फरार आरोपी दबोचा

Spread the love

फतेहाबाद, 21 जून । पैसों के खूनी विवाद में अमित नाम के युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या करने के मामले में भट्टू कलां पुलिस को कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने वारदात के बाद से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी तस्कर और हत्यारोपी विशाल को दबोच लिया है। पकड़ा गया आरोपी विशाल पुत्र राय सिंह, सुलीखेड़ा रोड, भट्टूकलां का रहने वाला है। इस खूनी खेल में शामिल एक आरोपी को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। रविवार को इस बारे जानकारी देते हुए थाना भट्टू कलां प्रभारी उपनिरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि यह खूनी साजिश 12 अगस्त 2024 को रची गई थी। मृतक अमित का आरोपियों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के तहत आरोपी राजकुमार, विशाल, महिपाल और उनके कुछ अन्य साथियों ने एक सोची-समझी रणनीति बनाई। आरोपियों ने अमित को बातचीत के बहाने भट्टू कलां के कॉलेज ग्राउंड में बुलाया। अमित को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह खुद चलकर मौत के कुएं में जा रहा है। शिकायतकर्ता विरेन्द्र सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह, निवासी भट्टू कलां के बयानों के मुताबिक, जैसे ही अमित कॉलेज ग्राउंड पहुंचा, आरोपियों ने उसे घेर लिया। पहले उनके बीच तीखी कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इसी दौरान तैश में आकर आरोपी राजकुमार ने अपने पास छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाला और अमित पर जानलेवा हमला बोल दिया। राजकुमार ने अमित के शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मों का ताव न सहते हुए अमित ने दम तोड़ दिया। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर थाना भट्टू कलां में 12 अगस्त 2024को मुकदमा दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि वारदात के बाद से ही आरोपी विशाल अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था, जिस पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आखिरकार पुलिस की विशेष टीम ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात की कडिय़ों को जोड़ा जा सके और इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द से जल्द जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।