नैनीताल, 21 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नैनीताल जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। भीमताल, नैनीताल और हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इसके साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल के मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप के नोडल अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला आयुष अधिकारी के समन्वय से विकास भवन भीमताल, फ्लैट्स मैदान नैनीताल और मिनी स्टेडियम हल्द्वानी में योग कार्यक्रम आयोजित किए गये। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराते हुए योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। नैनीताल में डीएसए मैदान स्थित बास्केटबाल कोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने भी जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने योग किया। भीमताल में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और दर्जा राज्य मंत्री भावना मेहरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। योगाभ्यास के बाद नागरिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा विवरण सत्यापन की प्रक्रिया समझायी गयी। अधिकारियों ने सही और अद्यतन मतदाता सूची को सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। इस अवसर पर मतदाता जागरूकता सामग्री वितरित की गयी तथा नागरिकों को जागरूकता की शपथ भी दिलायी गयी।
दूसरी ओर दुर्गापुर स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल वीरेंद्र तिवारी ने योग को भारत की अमूल्य धरोहर बताते हुए विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. वीरेंद्र मिश्रा ने योग के वैज्ञानिक और स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय के प्रबंधक श्याम अग्रवाल ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन तथा प्राणायाम का सामूहिक अभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।