राजस्थान में जुलाई के प्रथम सप्ताह में दस्तक दे सकता है मानसून

Spread the love

जयपुर, 22 जून । पश्चिम विक्षोभ के असर से सोमवार को जयपुर सहित करीब पांच शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम गति की हवाएं भी चली। आंधी-बारिश के बाद कुछ स्थानों के पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर का दिन का पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। 40.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 30.7 डिग्री के साथ जोधपुर की रात सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई शहरों में सोमवार को बादल छाए रहे। बादल छाने और धूप खिलने से अधिकांश शहरों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आए। रविवार को राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन, झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। राज्य में सर्वाधिक वर्षा झुंझुनूं एवं रामगढ़ (सीकर) में 26 मिमी दर्ज की गई। निम्नतम न्यूनतम तापमान 22 अलवर, पिलानी एवं सीकर में दर्ज किया गया। सोमवार को बीकानेर, जयपुर, श्रीगंगानगर, अलवर और भरतपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि फिलहाल मानसून 10 दिन से सुस्त पड़ा हुआ है। आगामी 4-5 दिन में सक्रिय होगा। मानसून के सक्रिय होने से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। सब कुछ सही रहा तो मानसून जुलाई के प्रथम सप्ताह में राजस्थान में दस्तक दे सकता है। वहीं बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 23 से 24 जून को भी मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि, दक्षिणी राजस्थान के कुछ भागों में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी रहने की संभावना है।

जयपुर में दिनभर छितराए बादल छाए रहे और बादलों के बीच से धूप की आंख मिचौली भी देखने को मिली। दोपहर बाद सांगानेर में करीब आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी बह निकला। हालांकि बादल छाए रहने और धूप खिलने से आमजन उमस भरी गर्मी से परेशान नजर आए। जयपुर के दिन के पारे में 1.3 और रात के पारे में 3.2 डिग्री की उछाल दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 37.3 और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया।