पश्चिमी सिंहभूम, 25 जून । जिले के सुदूरवर्ती गुदड़ी प्रखंड के विकास को गति देने और ग्रामीण समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को विधायक जगत माझी की पहल पर जिला प्रशासन की टीम ने क्षेत्र का व्यापक दौरा किया।
इस दौरान अधिकारियों ने लोढ़ाई, बेड़ाकायम, गिरू, टोमडेल सहित विभिन्न गांवों का निरीक्षण कर विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
गुदड़ी प्रखंड कार्यालय और टोमडेल पंचायत सचिवालय में आयोजित बैठकों के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा, मोबाइल नेटवर्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। विधायक जगत माझी ने कहा कि गुदड़ी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विशेष रूप से नेटवर्क समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि इसके कारण आम लोगों के साथ-साथ विकास कार्यों पर भी असर पड़ता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासनिक पहल के बाद इन समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
मौके उपायुक्त मनीष कुमार ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय और राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय में 50-50 बेड क्षमता वाले छात्रावास बनाए जाएंगे। विद्यालय परिसरों में चारदीवारी निर्माण और शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लोढ़ाई क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सप्ताह में एक दिन वहां कैंप कार्यालय संचालित किया जाए ताकि दूरस्थ गांवों के लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। उन्होंने लोढ़ाई विद्यालय परिसर में पेवर्स ब्लॉक लगाने और गुदड़ी विद्यालय में छह अतिरिक्त कमरों के निर्माण की भी स्वीकृति देने का निर्देश दिया।
प्रशासनिक टीम ने रोवाउली गांव में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत विकसित आम बागवानी परियोजना का भी निरीक्षण किया। लाभुक विश्वनाथ खंडाइत की ओर से विकसित बागवानी की सराहना करते हुए अधिकारियों ने उन्हें ड्रैगन फ्रूट जैसी नकदी फसल की खेती शुरू करने के लिए प्रेरित किया। विश्वनाथ खंडाइत ने आम के साथ नींबू की खेती भी कर रखी है।
दौरे का एक महत्वपूर्ण पड़ाव गुलीकेरा पंचायत का बेड़ाकायम गांव रहा, जहां सड़क सुविधा नहीं होने के कारण विधायक और अधिकारियों को करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचना पड़ा। गांव पहुंचने के बाद लाभुक मेघनाथ गंझू के नवनिर्मित अबुआ आवास का उद्घाटन किया गया और गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम के इस दौरे का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित बुनियादी समस्याओं का समाधान अब तेजी से होगा। वहीं अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।