पूर्वी सिंहभूम, 25 जून । शहर के बाजारों में रेजगारी की कमी से जूझ रहे व्यापारियों और ग्राहकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने गुरुवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से पांच लाख रुपये मूल्य के सिक्कों का वितरण किया।
चैंबर की ओर से चलाया जा रहा यह विशेष अभियान व्यापारिक लेनदेन को सुगम बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी साबित हो रहा है।
चेंबर की ओर से बताया गया कि बाजारों में छोटे मूल्य के लेनदेन के दौरान सिक्कों की कमी लंबे समय से एक बड़ी समस्या बनी हुई थी। इसी को देखते हुए विभिन्न बैंकों के सहयोग से रेज़गारी वितरण अभियान शुरू किया गया। अब तक इस पहल के तहत करीब 55 लाख रुपये मूल्य के सिक्के व्यापारियों के बीच वितरित किए जा चुके हैं, जिससे रोजमर्रा के कारोबार में काफी सुविधा हुई है।
इस अवसर पर चेंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाजारों में सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित होने तक यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रयास से हजारों व्यापारियों को लाभ मिला है।
चेंबर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि रेजगारी की कमी के कारण दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को परेशानी होती है। चेंबर व्यापारियों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चला रहा है। उन्होंने बताया कि अभी भी कई सदस्यों को उनकी मांग के अनुरूप सिक्के उपलब्ध नहीं हो सके हैं, लेकिन सभी तक रेज़गारी पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने कहा कि व्यापारिक समुदाय से इस अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि चेंबर विभिन्न बैंकों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है ताकि अधिक मात्रा में सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके और बाजारों में रेज़गारी की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
सिक्का वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहायक महाप्रबंधक संजीत कुमार और कैश इंचार्ज अमित डे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चेंबर ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में चैंबर के उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, सचिव अंशुल रिंगसिया सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।