योजनाओं के संचालन में आने वाली चुनौतियों की जानकारी दें समिति को : सरयू

Spread the love

खूंटी, 25 जून । झारखंड विधानसभा की प्रत्यायुक्त विधानसभा समिति की बैठक गुरुवार को परिसदन, खूंटी में विधायक सह समिति के सभापति सरयू राय की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में सूचना का अधिकार अधिनियम, सेवा की गारंटी अधिनियम और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिले के अस्पतालों की स्थिति, पेयजल आपूर्ति, कचरा प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। समिति सभापति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं एवं सेवाओं के संचालन में आने वाली आवश्यकताओं और चुनौतियों की जानकारी समिति को उपलब्ध कराई जाए, ताकि सरकार स्तर पर आवश्यक पहल सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने सेवा की गारंटी अधिनियम के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड कार्यालयों तक सूचना पट्ट प्रमुखता से लगाए जाएं, जिससे आम नागरिकों को उपलब्ध सेवाओं और उनके अधिकारों की जानकारी मिल सके।

बैठक में रोजगार गारंटी योजना के तहत प्राप्त मामलों और उनके निष्पादन की समीक्षा भी की गई। साथ ही नगर पंचायत और पंचायत क्षेत्रों में संचालित योजनाओं एपं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली गई। समिति सभापति ने विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।

इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने बेलाहाथी ग्राम स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का अवलोकन किया। समिति सभापति ने प्लांट के संचालन और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसके प्रभावी संचालन को बनाए रखने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान सरकारी और निजी अस्पतालों में बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की स्थिति की जानकारी ली गई। प्रभारी सिविल सर्जन को अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं की एक्सपायरी तिथि की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बिजली आपूर्ति, वन्यजीव संरक्षण, सिंचाई सुविधाएं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों की भी समीक्षा की गई। समिति सभापति ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।