ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

Spread the love

नई दिल्ली, 29 जून । पश्चिम एशिया में लगातार बदल रहे माहौल के बीच ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान कमजोरी के साथ बंद हुए, जबकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल मामूली तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। इसी तरह यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिका और ईरान ने वीकेंड पर एक दूसरे पर नए हमले करने और सीजफायर तोड़ने के आरोप लगाए। हालांकि अब एक बार फिर खबर आ रही है कि दोनों देश हमले रोकने की बात पर सहमत हो गए हैं। दोनों देशों के बीच जारी खींचतान के कारण पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार में निवेशक लगातार सतर्क मुद्रा में कारोबार करते रहे। निवेशकों की सतर्कता की वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक पिछले सत्र के दौरान लाल निशान में बंद हुए।

डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 51,876.11 अंक के स्तर पर आ गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,354.02 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 0.24 प्रतिशत टूट कर 25,297.62 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ 51,923.09 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान कमजोरी के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,508.02 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.56 प्रतिशत टूट कर 8,384.87 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 323.61 अंक यानी 1.31 प्रतिशत फिसल कर 24,671.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। निक्केई इंडेक्स 540.88 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 68,820 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.63 प्रतिशत लुढ़क कर 5,859.17 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 190.89 अंक यानी 2.20 प्रतिशत टूट कर 8,220.32 अंक के स्तर पर आ गया है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.03 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ 24,104 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.09 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 5,196.58 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। हैंग सेंग इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 472.14 अंक यानी 2.08 प्रतिशत उछल कर 23,144 अंक के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स में भी आज अच्छी मजबूती दिख रही है। फिलहाल यह सूचकांक 1.45 प्रतिशत की उछाल के साथ 1,564.66 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 494.09 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 45,065.85 के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,034.08 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।