फतेहाबाद, 29 जून । जिले के गांव भिरड़ाना में एक 22 वर्षीय युवक द्वारा घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय लवप्रीत पुत्र देशराज के रूप में हुई है, जो तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए फतेहाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मिली जानकारी के अनुसार, लवप्रीत मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता था और करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। रविवार को वह अपनी पत्नी के साथ खेत पर गया हुआ था। दोपहर के समय वह अपनी पत्नी को खेत में ही यह कहकर छोड़ आया कि वह कुछ देर में वापस आ रहा है। काफी समय बाद भी जब वह खेत में वापस नहीं लौटा, तो शाम को उसकी पत्नी खुद घर पहुंची। घर के भीतर जाते ही उसने देखा कि लवप्रीत का शव फंदे से लटका हुआ था। मौके पर जमा हुए लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के परिजनों ने बताया कि लवप्रीत अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी एक बड़ी बहन और एक बड़ा भाई है। वह इस आत्मघाती कदम को क्यों उठाएगा, इसके कारणों के बारे में उन्हें कोई अंदेशा नहीं है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।