श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर डीएम के तेवर सख्त, हाईमास्ट लाइट की लापरवाही पर बिजली अधिकारी को लगाई फटकार

Spread the love

भागलपुर, 01 जुलाई । जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने श्रावणी मेले की तैयारी का जायजा लेने के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़ी संवेदनशीलता दिखाई है।

सुल्तानगंज में निरीक्षण के दौरान डीएम ने अजगैबीनाथ मंदिर के पास लगी हाईमास्ट लाइट को लेकर बिजली विभाग के अधिकारी की जमकर क्लास लगाई। दरअसल डीएम अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज पहुंची थीं।

इस दौरान उन्होंने देखा कि अजगैबीनाथ मंदिर के पास लगाया गया हाईमास्ट लाइट श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई रेलिंग से सटा हुआ है। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरा हो सकता था।

मामला देखते ही डीएम ने बिजली विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि हाईमास्ट लाइट नगर परिषद से लगाया गया है, लेकिन इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बिजली विभाग की भी जिम्मेदारी है।

डीएम ने निर्देश दिया कि हाईमास्ट लाइट के निचले हिस्से को जल्द से जल्द कवर किया जाए ताकि कोई भी श्रद्धालु इसकी चपेट में ना आए। साथ ही उन्होंने कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट देने का भी निर्देश दिया।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि इधर-उधर घूमने से काम नहीं चलेगा। विद्युत आपूर्ति और बिजली से जुड़े मामलों की जानकारी विभाग के पास सबसे ज्यादा होती है। इसलिए श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।