सोनपुर और रजौली में जनसंख्या परिगणना का प्री-टेस्ट 6 जुलाई से: उप महारजिस्ट्रार

Spread the love

सारण, 01 जुलाई । सोनपुर जनगणना के दूसरे चरण जनसंख्या परिगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। देशव्यापी प्री-टेस्ट के लिए बिहार के दो क्षेत्रों का चयन किया गया है, जिसमें शहरी क्षेत्र के लिए सारण जिला के सोनपुर नगर परिषद और ग्रामीण क्षेत्र के लिए नवादा जिला के रजौली प्रखंड को चुना गया है। सोनपुर में आगामी 6 जुलाई से इस महत्वपूर्ण प्री-टेस्ट की शुरुआत होने जा रही है।

इस राष्ट्रीय अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो चुका है। प्रशिक्षण का विधिवत उद्घाटन करते हुए जनगणना निदेशालय के उप महारजिस्ट्रार मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मकान सूचीकरण का पहला चरण पहले ही सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। अब दूसरे और फाइनल चरण की बारी है, जिसके तहत हर परिवार के एक-एक सदस्य की पूरी जानकारी एकत्र की जाएगी। इस दौरान फील्ड में प्रत्येक व्यक्ति से 40 महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे जाएंगे। उप महारजिस्ट्रार ने स्पष्ट किया कि देश की विकासात्मक योजनाओं का मुख्य आधार सटीक आंकड़े ही होते हैं। फील्ड में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, पद्धतियों और तकनीकी दक्षता को जांचने के लिए यह प्री-टेस्ट बेहद जरूरी है। इसके फीडबैक के आधार पर आवश्यक संशोधनों के साथ मुख्य जनगणना अभियान शुरू होगा।

सहायक निदेशक शिवेन्द्र और कार्यपालक पदाधिकारी शशि कुमार ने मुख्य रूप से शिक्षकों की भूमिका निभा रहे प्रगणकों को सतर्कता से कार्य करने का निर्देश दिया है। इस अभियान का पूरा शेड्यूल निर्धारित कर दिया गया है, जिसके तहत 01 से 03 जुलाई तक प्रशिक्षण, 01 से 05 जुलाई तक स्वगणना, 06 से 18 जुलाई तक मुख्य जनसंख्या परिगणना, 18 जुलाई की रात्रि को बेघरों की गणना तथा 19 से 20 जुलाई तक रिवीजन राउंड चलाया जाएगा। इस अवसर पर डीसीओ की जिला नोडल आयुषी कुमारी व जुली कुमारी, प्रशिक्षक नीरज कुमार सिंह, श्रुति शैलेश, सविता कुमारी, आदर्श पाण्डेय, मोनी शर्मा, श्वेता सिंह, जिला कोषांग के सुनील कुमार, राकेश कुमार सिन्हा, संतोष कुमार, नदीम अहमद तथा व्यवस्थापक रईस अहमद आदि उपस्थित थे।