सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत चमोली से 42 सदस्यीय दल गुजरात रवाना

Spread the love

चमोली, 12 जुलाई । संस्कृति मंत्रालय के निर्देश पर संस्कृति विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत चमोली जनपद से 42 सदस्यीय दल आज विशेष यात्रा के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा 13 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है।

गोपेश्वर बस स्टैंड से दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री हरक सिंह और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया। दल में दुकानदार, स्ट्रीट वेंडर, मार्केट एसोसिएशन के सदस्य तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, एमएसएमई और सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य प्रतिभागियों को सोमनाथ क्षेत्र में हुए विकास कार्यों से अवगत कराना तथा पर्यटन, तीर्थाटन और स्वरोजगार के नए अवसरों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि यात्रा से प्राप्त अनुभवों के आधार पर चमोली में भी पर्यटन एवं विकास से जुड़ी नई कार्ययोजनाएं तैयार की जाएंगी।

यात्रा के नोडल अधिकारी एवं जिला भेषज संघ के सचिव विवेक मिश्रा ने बताया कि यात्रा 13 जुलाई को देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से शुरू होकर 19 जुलाई को देहरादून में संपन्न होगी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भेषज संघ अध्यक्ष सतेंद्र असवाल, भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, चंद्रकला बिष्ट, सुशीला सेमवाल, गीता बिष्ट, शांति प्रसाद नौटियाल, संजय कुमार, विक्रम बर्त्वाल, पवन राठौर आदि मौजूद रहे।