खूंटी, 25 जुलाई । गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग को लेकर चलाए जा रहे गौ सम्मान अभियान के तहत 27 जुलाई को खूंटी में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी शनिवार को स्थानीय डाक बंगला रोड स्थित संघ कार्यालय (केशव कुटीर) में आयोजित प्रेसवार्ता में दी गई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रशिक्षक एवं गौ सम्मान अभियान के जिला प्रभारी सुनील कुमार साहू ने बताया कि देशभर में इस विषय को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अगले चरण में 27 जुलाई को देश के 500 जिलों में उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा संबंधित राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले से एक लाख से अधिक हस्ताक्षर एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है।
सुनील कुमार साहू ने बताया कि खूंटी जिले का मुख्य कार्यक्रम 27 जुलाई को नेताजी चौक स्थित देवी मंडप से शुरू होगा। संतों के नेतृत्व में लगभग एक घंटे तक विजय महामंत्र का सामूहिक जाप किया जाएगा। इसके बाद प्रतिभागी उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण के समर्थन में नवंबर 2025 से देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 27 अप्रैल 2026 को देशभर के सभी 5,000 प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) और अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
प्रेसवार्ता के दौरान सुनील कुमार साहू ने गौहत्या करने वालों के लिए कठोर कानून बनाए जाने तथा फांसी या आजीवन कारावास जैसी कड़ी सजा का प्रावधान किए जाने की मांग दोहराई। उन्होंने जिले के लोगों से 27 जुलाई के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गौ संरक्षण के समर्थन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रेसवार्ता में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला सह मंत्री संजय गुप्ता, महर्षि मेही आश्रम, मुरहू के स्वामी लक्ष्मण महाराज तथा आरएसएस कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अवधेश कुमार उपस्थित थे।