सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 12 की पूरक परीक्षा के लिए नौ परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

Spread the love

नैनीताल, 27 जुलाई । जनपद में मंगलवार 28 जुलाई को आयोजित होने वाली सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 12 की पूरक परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विभिन्न अधिकारियों को कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाओं तथा अन्य गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन, संग्रहण, अभिरक्षा और सीबीएसई के अधिकृत अधिकारी को विधिवत हस्तांतरण के लिए जनपद के नौ परीक्षा केंद्रों-सेंट जेवियर्स स्कूल नैनीताल, लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल, सेंट थेरेसा स्कूल काठगोदाम, निर्मला कॉन्वेंट स्कूल काठगोदाम, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल हल्द्वानी, यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल केजीआरडी हल्द्वानी, यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल कालाढूंगी, ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल हिम्मतपुर तथा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी के लिये सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिये हैं।

साथ ही अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरव असवाल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके साथ ही जनपद के जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि नामित कार्यपालक मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस पर संबंधित केंद्र अधीक्षक एवं प्रधानाचार्य के साथ समन्वय स्थापित कर कस्टोडियन बैंक से गोपनीय परीक्षा सामग्री प्राप्त करेंगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के पार्सलों का सुरक्षित संग्रहण सुनिश्चित करते हुए उन्हें उसी दिन सीलबंद अवस्था में निर्धारित संग्रहण केंद्र पर जमा कराया जाएगा।