बटनदार चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला एक आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

जगदलपुर, 01 अगस्त । बस्तर जिले की कोतवाली पुलिस ने धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपित आनंद नाग उर्फ आदर्श नाग (23 वर्ष), निवासी मेटगुड़ा जवाहर नगर वार्ड को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से धारदार बटनदार चाकू बरामद कर कार्रवाई उपरांत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के महावीर नगर गेट के पास धरमपुरा जगदलपुर में एक युवक द्वारा हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को धमकाने और भय का माहौल बनाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आनंद नाग उर्फ आदर्श नाग (23 वर्ष), निवासी मेटगुड़ा जवाहर नगर वार्ड क्रमांक-24, जगदलपुर के रूप में हुई है।

बस्तर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में गुंडा-बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, पीएसआई भूपेंद्र पैकरा, प्रधान आरक्षक मोहन कश्यप सहित आरक्षक वरुण ठाकुर, हरीश, तोमन बघेल, बलराम, भीम और तामेश्वर चंद्राकर का याेगदान रहा।