पूर्वी सिंहभूम, 02 अगस्त । जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर परिसर में संचालित अन्ना किचन में रविवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक ग्राहक ने डोसे में कथित तौर पर कॉकरोच मिलने का आरोप लगाया। भोजन के दौरान ग्राहक की नजर डोसे में मौजूद संदिग्ध कीट पर पड़ते ही उसने खाना छोड़ दिया और इसकी शिकायत रेस्टोरेंट प्रबंधन से की।
घटना की जानकारी मिलते ही रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहकों ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और रसोई की साफ-सफाई पर सवाल उठाते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। ग्राहकों का कहना था कि इस तरह की लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है, इसलिए ऐसे प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाना चाहिए।
मामले पर अन्ना किचन के संचालक राजू भाई ने खेद व्यक्त किया। उन्होंने स्वीकार किया कि रेस्टोरेंट की ओर से चूक हुई है और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच तथा गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को और अधिक सख्त किया जाएगा।
घटना के बाद कुछ समय तक रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि प्रबंधन ने ग्राहकों को आश्वस्त किया कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को और बेहतर बनाते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाए जाएंगे।
————–