खूंटी , 03 अगस्त । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कार्यालय में सोमवार को जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद की अध्यक्षता में संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को नीचे चौक, खूंटी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे और उनके झारखंड राज्य आंदोलन में दिए गए योगदान को याद करेंगे।
जिला अध्यक्ष ज़ुबैर अहमद ने जिले के सभी झामुमो कार्यकर्ता औरं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का संघर्ष, त्याग और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए किया गया योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
बैठक में केंद्रीय सदस्य स्नेहलता कुंडलना, भोलानाथ लाल, मकसूद अंसारी, अमृत हेमरोम, जिला उपाध्यक्ष गुलशन सिंह मुंडा, संगठन सचिव शंकर सिंह मुंडा, मनोज मंडल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।