जर्जर क्वार्टरों को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन, दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 06 अगस्त । जिले की सेल संचालित गुवा लौह अयस्क खदान में कर्मचारियों के जर्जर आवासों और बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति के विरोध में गुरुवार को झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (झामससं) की गुवा इकाई ने सिविल विभाग कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी, महिला सदस्य और यूनियन पदाधिकारी प्रदर्शन में शामिल हुए और सिविल विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आवासों की तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कुछ महिला आंदोलनकारियों ने सिविल विभाग के मुख्य गेट पर ताला लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें समझाकर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा।

यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकांश क्वार्टर जर्जर हो चुके हैं। बरसात में छतों से पानी टपकने के कारण परिवारों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। कई लोग प्लास्टिक और तिरपाल लगाकर किसी तरह रात गुजारने को विवश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद सिविल विभाग के अधिकारी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं और कार्यालय में भी अक्सर उपलब्ध नहीं रहते।

यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि आवासों की मरम्मत, छतों की लीकेज, जलनिकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। श्रमिकों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में उत्पादन बढ़ाने वाले कर्मचारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना सेल प्रबंधन की जिम्मेदारी है।