कन्हैयाबाड़ी स्कूल में झंडोत्तोलन की तैयारी के दौरान 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आकर शिक्षक समेत 4 झुलसे

Spread the love

किशनगंज, 15 अगस्त । जिले के कन्हैयाबाड़ी स्थित +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। झंडोत्तोलन के लिए लोहे का पाइप खड़ा करने के दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से एक शिक्षक सहित तीन बच्चे झुलस गए। हादसे के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की पहचान फैजान अंसारी, फायेक, अबु सईद और शिक्षक सुभाष कुमार के रूप में की गई है। घटना के बाद विद्यालय कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

बताया जाता है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शुरू होने से पहले विद्यालय परिसर में झंडोत्तोलन की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे लोहे के पाइप को ऊपर उठाया जा रहा था। इसी क्रम में पाइप 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से सट गया। तार के संपर्क में आते ही पाइप में करंट प्रवाहित हो गया और उसे संभाल रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग को जानकारी दी गई, जिसके बाद संबंधित लाइन की विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई।

प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारियों ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू की है। इधर, पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन बच्चे और शिक्षक घायल हुए हैं। पूर्व विधायक ने 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को विद्यालय परिसर से हटाने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता और कनीय अभियंता से बातचीत की। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में आक्रोश है। लोगों ने विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को तत्काल हटाने अथवा सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के जानलेवा हादसे की पुनरावृत्ति न हो।