कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के अपमान के विरोध में भाजयुमो ने फूंका राहुल गांधी का पुतला

Spread the love

सारण, 16 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के अपमान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने शहर के हृदय स्थली नगर पालिका चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी शर्म करो और राहुल गांधी शर्म करो के नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

कार्यक्रम में उपस्थित भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोनिया गांधी की विचारधारा और मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का अपमान देश की संप्रभुता और जनभावनाओं पर चोट है। कांग्रेस अपनी राष्ट्र-विरोधी मानसिकता को बार-बार उजागर कर रही है, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।

पुतला दहन कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, शांतनु कुमार सिंह, महामंत्री धर्मेंद्र शाह, विवेक सिंह, अभय सिंह, अर्धेंदु शेखर, शत्रुघन भक्त, राकेश साह, शुभम वर्मा भाजयुमो के पदाधिकारियों के साथ-साथ भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।