संत रविदास के विचारों को बूथ स्तर तक पहुँचाने का संकल्प, 34 मंडलों में बांटे गए मंगल कलश

Spread the love

कटिहार, 18 अगस्त । संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत वाराणसी से पटना होते हुए कटिहार पहुँची मंगल कलश वंदन यात्रा का मिरचाईबाड़ी स्थित सर्वमंगला दुर्गा स्थान में श्रद्धापूर्वक स्वागत एवं पूजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय के नेतृत्व में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में जिले के सभी 34 मंडलों को मंगल कलश वितरित किए गए।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप संत रविदास के जन्मस्थान वाराणसी की पावन मिट्टी को कलश के माध्यम से जिले के प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक पहुँचाया जा रहा है। आगामी 20 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में मठ-मंदिरों के पुजारियों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संत रविदास के समरसता और समानता के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि संत रविदास महाराज का सामाजिक सद्भाव का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और संत परंपरा के सम्मान का सशक्त अभियान है। संत रविदास का समरसता और समानता का संदेश समाज को एक सूत्र में जोड़ने का काम करता है।