शिक्षा और तकनीक के क्षेत्र में पीएनबी की पहल,मिले 10 कंप्यूटर

Spread the love

हल्द्वानी, 18 अगस्त । पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी की सेंट्रल कंप्यूटर लैब के लिए मंगलवार को कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय में कंप्यूटर लैब का उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के देहरादून अंचल प्रमुख एवं महाप्रबंधक अनुपम विशिष्ट अतिथि हल्द्वानी मंडल प्रमुख एवं उपमहाप्रबंधक सिद्धार्थ अधिकारी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने की।

पीएनबी की ओर से विश्वविद्यालय की सेंट्रल कंप्यूटर लैब के लिए कुल 30 कंप्यूटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। प्रथम चरण में 10 कंप्यूटर विश्वविद्यालय को प्रदान किए गए हैं, जबकि शेष कंप्यूटर आगामी चरणों में उपलब्ध कराए जाएंगे।

विशिष्ट अतिथि सिद्धार्थ अधिकारी ने बैंक की सीएसआर गतिविधियों और शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक दायित्वों पर विचार रखे। मुख्य अतिथि अनुपम ने कहा कि शिक्षा और तकनीक के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने में संस्थानों के बीच सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और डिजिटल गतिविधियों की सराहना की तथा भविष्य में भी सहयोग की भावना व्यक्त की।

कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने पंजाब नेशनल बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीक आज शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। विश्वविद्यालय में डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर लर्निंग सपोर्ट मिलेगा तथा अकादमिक, प्रशिक्षण और डिजिटल लर्निंग गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने पीएनबी की पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सीएसआर का उपयोगी उदाहरण बताया।

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव खेमराज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पीएनबी के सहायक महाप्रबंधक दीप चंद्र, मुख्य प्रबंधक बबीता कांडपाल सहित अन्य अधिकारी और विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. गिरिजा पांडेय, प्रो. रेनू प्रकाश, प्रो. राकेश रायाल, प्रो. अरविंद भट्ट, प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट सहित शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।