जयपुर, 22 अगस्त । गोनेर स्थित प्रसिद्ध श्री लक्ष्मी जगदीश महाराज मंदिर में श्रावण शुक्ल एकादशी (पावना एकादशी) के अवसर पर रविवार, 23 अगस्त को वार्षिक झूला मेला आयोजित किया जाएगा। महंत हनुमान दासजी के सान्निध्य में होने वाले इस मेले में राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मीडिया प्रभारी मोहन लाल बागड़ा ने बताया कि मेले के दिन भगवान लक्ष्मी जगदीशजी गर्भगृह से बाहर आकर चारभुजानाथजी, बिहारीजी और शालिग्रामजी के साथ सखियों संग झूले में विराजमान रहेंगे। इसके चलते श्रद्धालुओं को प्रभु के करीब 3 फीट की दूरी से अलौकिक दर्शन का लाभ मिल सकेगा। सुबह 5 से रात 9 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। जयपुर शहर व ग्रामीण इलाकों के अलावा दौसा, बस्सी, चाकसू, कोटपूतली, शाहपुरा तथा मध्यप्रदेश से भी भारी संख्या में भक्त पहुंचेंगे।
भीड़ नियंत्रण के लिए घुमावदार रेलिंग लगाई गई है, जिससे कतारें व्यवस्थित रहें। प्रवेश और निकास के लिए पृथक मार्ग तय किए गए हैं। बारिश के अंदेशे को देखते हुए मंदिर परिसर में टीन शेड और अतिरिक्त वाटरप्रूफ इंतजाम किए गए हैं।
मेले को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।