झांसी : जर्जर मकान का पिछला हिस्सा ढहने से मलबे में दबी पत्नी की मौत,पति गंभीर

Spread the love

झांसी, 24 अगस्त । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र की घनी आबादी की चूड़ी वाली गली में सोमवार तड़के एक जर्जर मकान का पिछला कच्चा हिस्सा भरभरा कर गिर गया। मकान में रह रहे दंपती मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और दमकल टीम ने करीब 20 से 25 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को मलबे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकिं पति का उपचार जारी है।

चूड़ी वाली गली निवासी टाइपिस्ट मुकेश हयारण अपनी पत्नी सरोज के साथ एक मकान में रह रहे थे। पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के कारण मकान का पिछला कच्चा और जर्जर हिस्सा कमजोर हो गया था। सोमवार सुबह अचानक दीवार और उसका हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे के दौरान मुकेश और सरोज मलबे की चपेट में आकर दब गए। मकान का हिस्सा गिरने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर से भी बचाव का प्रयास शुरू किया।

घटना स्थल पर पहुंची एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गली होने के कारण रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 20 से 25 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों को अपने वाहन से उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सरोज की हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। मुकेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद प्रशासन ने जर्जर मकानों को लेकर भी स्थिति का जायजा लेना शुरू कर दिया है।