अकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत, क्षेत्र में शोक

Spread the love

खूंटी , 27 अगस्त । कर्रा प्रखंड के जरियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बारवादाग गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किसान भौवा कुम्हार (57) की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, भौवा कुम्हार रोजाना की तरह गुरुवार सुबह में अपने मवेशियों को चराने के लिए बारवादाग और मास्को गांव की सीमा पर स्थित झूमता टांड़ गए हुए थे। दोपहर में अचानक आसमान में काले बादल छा गए और बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसी दौरान तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर भौवा कुम्हार गंभीर रूप से झुलस गए और जमीन पर गिरकर तड़पने लगे।

घटना के समय आसपास मवेशी चरा रहे अन्य ग्रामीणों ने जब यह देखा, तो वे तुरंत गांव पहुंचे और परिजनों सहित ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक भौवा कुम्हार की मौत हो चुकी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जरियागढ़ थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कागजी कार्रवाई और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया।

घटना के बाद से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति का शव देखते ही पत्नी शांति देवी छाती पीट-पीटकर दहाड़ें मारकर रोने लगी।