एशियाई खेल: भवानी देवी की अगुआई में भारत की 20 सदस्यीय तलवारबाजी टीम घोषित

Spread the love

नई दिल्ली, 31 अगस्त । ओलंपियन सीए भवानी देवी आगामी एशियाई खेलों के लिए घोषित भारत की 20 सदस्यीय तलवारबाजी टीम की अगुआई करेंगी। तलवारबाजी संघ ने रविवार को राष्ट्रीय रैंकिंग और 2026 में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम की घोषणा की।

चयनित खिलाड़ी 01 से 15 सितंबर तक पटियाला स्थित नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान में राष्ट्रीय तैयारी शिविर में हिस्सा लेंगे। इसके बाद भारतीय दल 16 सितंबर को आइची-नागोया के लिए रवाना होगा, जहां प्रतियोगिता से पहले अंतिम अनुकूलन की तैयारी की जाएगी।

टीम का चयन एशियाई सीनियर तलवारबाजी चैंपियनशिप, विश्व तलवारबाजी चैंपियनशिप और राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

भवानी देवी की अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में वापसी से भारत की महिला सेबर टीम को मजबूती मिली है।

भारतीय तलवारबाजी की अग्रणी खिलाड़ियों में शामिल भवानी ने इस साल एशियाई सीनियर तलवारबाजी चैंपियनशिप के दौरान दो महीने के ब्रेक के बाद प्रतिस्पर्धी मुकाबलों में वापसी की थी।

राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों से भी भारतीय टीम को उम्मीदें हैं। महिला एपे में तनिक्षा खत्री और प्राची लोहान ने क्रमश: स्वर्ण और कांस्य पदक जीता था।

पुरुष सेबर में करण सिंह गुर्जर ने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर एशियाई खेलों के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की।

वहीं, पुरुष फॉयल में तेजस मनोज पाटिल ने राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। वह इस प्रतियोगिता में सीनियर फॉयल वर्ग में पदक जीतने वाले पहले भारतीय तलवारबाज बने।

भारत की 20 सदस्यीय तलवारबाजी टीम

पुरुष फॉयल: सचिन, सनासम हेमाश सिंह, आदित्य और तेजस मनोज पाटिल।

महिला फॉयल: जॉयस अशिता स्टालिनराज, नाओरेम मीना देवी, कनुप्रिया चावला और सोनिया देवी वैखोम।

महिला एपे: तनिक्षा खत्री, प्राची लोहान, मित्वा चौधरी और यशकीरत कौर हेयर।

पुरुष सेबर: करण सिंह, गिशो निधि केपी, लक्ष्य बादसर और विशाल थापर।

महिला सेबर: भवानी देवी सीए, श्रेया गुप्ता, जेफरलिन जेएस और श्रुति जोशी।

———–