जगदलपुर, 5 सितंबर । बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष के नेतृत्व में आज शनिवार काे कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के द्वारा बढ़ती महंगाई एवं चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सिरहासर चौंक में ”चीनी सत्याग्रह” आंदोलन किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए और चीनी की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने तथा महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि, आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस के तहत राशन की दुकानों पर चीनी उपलब्ध नहीं है, जिससे गरीब लोगों को इसे खुले बाजार से अधिक कीमत पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बस्तर संभाग में चना और गुड़ जैसी वस्तुएं भी महीनों से उपलब्ध न होने का आरोप लगाया गया। आम लोग और मध्यमवर्गीय परिवार खुले बाजार में 60 से 70 रुपये प्रति किलो की दर से शक्कर खरीदने को मजबूर हैं। गन्ने के रस को एथेनॉल उत्पादन में डायवर्ट किए जाने के कारण घरेलू बाजार में चीनी की आपूर्ति घटने लगी है और खुदरा कीमतें बढ़ने का मुख्य कारण भी गन्ने के रस से हो रहा एथेनॉल उत्पादन है।
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि, भाजपा की नीतियां हमेशा से गरीब विरोधी और चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाली रही हैं। उन्होंने कहा, “एक तरफ गन्ने का उचित मूल्य न मिलने से देश और प्रदेश का किसान बदहाल है, वहीं दूसरी तरफ बाजार में चीनी के दाम लगातार बढ़ाकर काला बाजारियों और जमाखोरों को खुली छूट दी जा रही है।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, रामशंकर राव, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, गौरनाथ नाग, जिला उपाध्यक्ष अतिरिक्त शुक्ला सहित अन्य मौजूद रहे।