अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार भट्टियां ध्वस्त

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम, 05 सितंबर । जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में बड़ी कार्रवाई की गई।

आबकारी अधीक्षक अरविंद कुजूर ने प्रेस को बताया कि विभागीय टीम ने गुड़ा गांव में नदी किनारे सुनसान स्थानों पर संचालित अवैध महुआ शराब की भट्टियों पर छापेमारी की। जांच के दौरान नदी तट के इलाकों में चोरी-छिपे महुआ शराब तैयार किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद टीम ने मौके पर संचालित चार अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने करीब 1,600 किलोग्राम जावा महुआ और 40 लीटर तैयार अवैध देसी शराब बरामद की। बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा शराब बनाने में इस्तेमाल नहीं किया जा सके।

आबकारी विभाग के अनुसार अवैध शराब के निर्माण में शामिल भट्ठी संचालकों और मालिकों के खिलाफ झारखंड आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छापेमारी के दौरान फरार हुए कारोबारियों की पहचान भी की जा रही है।

आबकारी अधीक्षक अरविंद कुजूर ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध शराब के धंधे में संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।