ब्यावरा के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय कलारी पयट्टू चैंपियनशिप में जीते दो रजत पदक

Spread the love

राजगढ़, 07 सितंबर । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के खिलाड़ियों ने इंदौर में आयोजित पांचवीं मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय कलारी पयट्टू चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक हासिल किए। प्रतियोगिता 4 से 6 सितंबर तक इंदौर के लिम्बोदी स्थित गंगा मैरिज गार्डन में आयोजित की गई।

राजगढ़ कलारी पयट्टू टीम में जिले के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ था। क्रीड़ा भारती मध्य भारत प्रांत के राजगढ़ जिला मंत्री एवं राजगढ़ कलारी पयट्टू संघ के सचिव अक्षय शर्मा ने सोमवार को बताया कि ब्यावरा के शौर्य पुत्र प्रकाश महावर ने अंडर-14 आयु वर्ग की 33 किलोग्राम से कम वजन श्रेणी में रजत पदक जीता। उन्होंने प्रतियोगिता में गुना, इंदौर, भोपाल, मुरैना, रतलाम, अलीराजपुर, खरगोन और उज्जैन के खिलाड़ियों को मुकाबलों में हराकर पदक अपने नाम किया।

इसी तरह दिशा पुत्री प्रकाश महावर ने अंडर-18 आयु वर्ग की 41 किलोग्राम से कम वजन श्रेणी में चार मुकाबले जीतकर रजत पदक हासिल किया। दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से खेल छात्रवृत्ति दिए जाने की भी जानकारी दी गई है।

राजगढ़ टीम में शामिल शिवाय पुत्र जगदीश नागर और अभय पुत्र मनोहर लववंशी ने भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से जिले का गौरव बढ़ा है।

प्रतियोगिता से लौटने पर चारों खिलाड़ियों का क्लब ग्राउंड स्थित रमेश्ट मार्शल आर्ट्स एकेडमी में स्वागत किया गया। इस उपलब्धि पर क्रीड़ा भारती और कलारी पयट्टू संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं उनके मित्रों ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।