नूंह में जल भराव की समस्या पर विधायक ने ली अधिकारियों की बैठक

Spread the love

नूंह, 07 सितंबर । नूंह विधायक व कांग्रेस विधायक दल के उपनेता चौधरी आफताब अहमद ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में जलभराव के समाधान और चल रही योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में एक्सईएन सिंचाई विभाग आफ़ताब खान, एक्सईएन मैकेनिकल हितेश देशवाल, एसडीओ, जूनियर इंजीनियर मौजूद रहे।

विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि जलभराव के कारण कई जगहों पर कई साल से फसल नहीं हुई है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। इस समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए ताकि फसल की बुआई हो सके। अधिकारियों ने विधायक को आश्वासन दिया कि इस बार किसान समय पर फसल बो पाएगा और जलभराव की समस्या का समाधान होगा।

विधायक आफताब अहमद ने जलभराव के मामले को विधानसभा में भी उठाया था और सरकार से इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए कहा था । विधायक ने बताया कि कई सालों से अत्याधिक बारिश के कारण जल भराव की समस्या एक चुनौती बनी हुई है जिससे हजारों एकड़ भूमि बिना फसल बोये रह जाती है। उन्होंने कहा कि भूमि बंजर हो रही है जिसके समाधान तलाशे जा रहे हैं । विधायक और अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार किसान अपनी भूमि पर खेती कर सकेंगे। विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि बाजारों, अनाज मंडियों, सरकारी ईमारतों, कब्रिस्तान, श्मशान और रिहायशी इलाकों में जमा पानी को जल्द से जल्द बाहर निकालने के प्रयास किए जाएं ताकि बीमारियां नहीं फैलें।

बता दें कि गांगोली, आलदोका, बैंसी, सुडाका, भडंगाका, आकेडा, निजामपुर, मालब, खेडला, नूंह, घासेडा आदि में जलभराव की समस्या अधिक है। इस दौरान कई गांव के किसानों ने बताया कि कई सालों से खेतों में बुआई नहीं हुई है क्योंकि अत्याधिक वर्षा के कारण खेत जलमग्न है। उन्हें सरकार से भी मुआवजा नहीं मिला और आर्थिक नुकसान हो रहा है। अधिकारियों ने विधायक को अवगत कराया कि मोटर, पंप लगाई गई हैं और पानी निकासी की जा रही है।