बक्सर, 07 सितंबर । डुमरांव प्रखंड के नथुनी अहीर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय में छात्राओं से कुकर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी भागने की फिराक में बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचा था, जहां सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।
मामले में विद्यालय के प्रधानाचार्य मो. इमाम अली और शिक्षक अरविंद कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बीरेंद्र प्रसाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामले ने विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।