अध्यक्ष राष्ट्रीय महिला आयोग ने की सुनवाई , मिली 120 शिकायतें, 15 दिन में निस्तारण के दिये निर्देश

Spread the love

बिजनौर, 10 सितम्बर । राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय रहाटकर ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 120 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 30 पुरानी और 90 नई शिकायतें शामिल थीं। अध्यक्ष ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय रहाटकर एक दिवसीय दौरे पर गुरुवार को बिजनौर पहुंचीं। दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने विकास भवन सभागार में अधिकारियों की मौजूदगी में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में पोक्सो एक्ट, दहेज उत्पीड़न, पेंशन, आवास तथा ससुराल में उत्पीड़न से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और प्रत्येक शिकायत का नियमों के अनुसार सही एवं समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए। सभी 120 शिकायतों की जांच कर 15 दिन के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान तीन दंपतियों ने आपसी विवाद समाप्त कर साथ रहने पर सहमति भी जताई।

विजय रहाटकर ने बताया कि बिजनौर जनपद से हमारे पास कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुई थी जिन पर गहनता व संवेदना के साथ सुनवाई कर कानून सम्मत निर्देश जारी किये गए है | इस मौके पर उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनें। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने साथ हो रहे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को सहन न करें और ऐसी शिकायतों को राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष दर्ज कराएं।

उन्होंने जिलाधिकारी जसजीत कौर के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा किए गए व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, एसपी केके विश्नोई, एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार, सीडीओ रणविजय सिंह, एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा, तहसीलदार आशीष सक्सेना डीडीओ रचना गुप्ता समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।