राजस्थान में अगले तीन-चार दिन दक्षिणी हिस्सों में बारिश का जोर

Spread the love

जयपुर, 12 सितंबर । राजस्थान में मानसून सक्रिय रहने से शनिवार को जयपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई। अजमेर, भीलवाड़ा, सीकर, कोटा, दौसा और माउंट आबू सहित कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के बावजूद उमस और गर्मी से आमजन परेशान रहे। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शनिवार को दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके आगामी दिनों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून ट्रफ लाइन भी शनिवार को जैसलमेर, कोटा और कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं जयपुर, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम तंत्र का असर अगले तीन-चार दिनों तक दक्षिणी राजस्थान में सबसे अधिक रहने की संभावना है। 12 से 15 सितंबर के दौरान उदयपुर संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान राज्य के शेष हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग के जिलों में 13 से 16 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं बीकानेर संभाग में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।