पश्चिमी सिंहभूम, 14 सितंबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमेरिता गांव में बर्तन फेरी करने वाले लोगों के घर में घुसकर लूटपाट और गोलीबारी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में मनोहरपुर के धानापाली निवासी जशवंत महतो उर्फ छोटू (25) और अजय गोप उर्फ कालू (19) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 7.65 एमएम की पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बहामन टुटी ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 12 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे सिमेरिता गांव में बर्तन फेरी का काम करने वाले सुरोजित दास अपने दो साथियों के साथ खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान हथियार से लैस दो अपराधी उनके घर में घुस आए और पिस्टल का भय दिखाकर करीब 20 से 25 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद दोनों अपराधी भागने लगे। पीड़ितों ने शोर मचाते हुए एक अपराधी को पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने फायरिंग कर दी।
गोली सुरोजित दास के पेट को छूते हुए निकल गई। भागने के दौरान जशवंत महतो गिर पड़ा और उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। इसके कारण वह मौके से भाग नहीं सका और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में जशवंत ने अपने साथी अजय गोप का नाम बताया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने पहले बर्तन फेरी करने वालों के घर की रेकी की थी और घटना वाले दिन शराब पीने के बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
पूछताछ में जशवंत ने हथियार को भागने के दौरान अंधेरे में फेंकने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पिस्टल, मैगजीन, कारतूस और खोखा बरामद किया। इसके बाद विशेष छापेमारी दल ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर अजय गोप को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
लूट की रकम के बारे में पूछताछ करने पर दोनों आरोपितों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उन्होंने रुपये अंधेरे में ही कहीं फेंक दिए थे।
मामले को लेकर मनोहरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार जशवंत महतो के खिलाफ सिमडेगा जिले के जलडेगा थाना में भी मामला दर्ज है।
छापामारी दल में एसडीपीओ डेविड ए डोडराय, पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लू, मनोहरपुर थाना प्रभारी पुअनि अन्मीएल एक्का, पुअनि सुधीर कुमार, सअनि नवकिशोर कुदादा सहित पुलिसकर्मी शामिल थे।