खाद्यान्न घोटाले के आरोपी फरार पूर्व बीडीओ को ईओडब्ल्यू ने काशी में पकड़ा
वाराणसी,20 जनवरी (हि.स.)। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) की वाराणसी टीम ने सोमवार को बलिया जनपद में खाद्यान्न घोटाले के आरोपी फरार पूर्व बीडीओ रामकृत राम को यहां भगवानपुर से लंका पुलिस के सहयोग से दबोच लिया।
जनपद चंदौली के चकिया निवासी रामकृत राम बलिया जिले के पंदहा ब्लाक में वर्ष 2006 में बीडीओ पद पर रहा। उस दौरान रामकृत राम की खाद्यान्न घोटाला में संलिप्तता पाई गई। रामकृत राम (अब सेवानिवृत) के खिलाफ 2006 में बलिया के सिकन्दरपुर थाने में धोखाधड़ी सहित शासकीय धन गबन का अभियोग दर्ज हुआ था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी अपने बताए गए पते पर पुलिस टीम को नहीं मिला। आरोपी रामकृत पिछले आठ वर्षों से वाराणसी के भगवानपुर लंका में रह रहा था। सटीक जानकारी पर ईओडब्ल्यू टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ईओडब्ल्यू टीम के निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा के अनुसार आरोपी डीडीओ पद से वर्ष 2017 में सेवानिवृत हो गया। अपने चकिया और मुगलसराय के पते पर वर्षों से नहीं रह रहा था। पता बदल कर वाराणसी के भगवानपुर में रह रहा था। गिरफ्तारी में निरीक्षक सुनील कुमार, मुख्य आरक्षी छेदी सिंह, शशिकांत सिंह, विनीत पांडेय, राजकिशोर, रामाश्रय सिंह और सरफराज अंसारी शामिल रहे।
—————