अजमेर, 16 सितम्बर(हि.सं.)। अजमेर नगर निगम में बोर्ड गठन के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी की अनामिका शर्मा से कांग्रेस की किरण गढ़वाल का सीधा मुकाबला होना तय हो गया है। काफी सोच विचार और मंथन के बाद आखिर कांग्रेस ने किरण गढ़वाल को निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने की अंतिम किरण के रूप में आगे बढ़ा दिया है। यह बात ओर है कि किरण गढ़वाल वार्ड 57 से सामान्य महिला के लिए आरक्षित वार्ड से चुनाव जीती हैं पर वे ओबीसी समुदाय से आती हैं जबकि अजमेर नगर निगम मेयर का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है, ऐसे में कांग्रेस द्वारा यह बढ़ा दांव खेला जाना माना जा रहा है।
भाजपा ने जहां पिछली गलतियां सुधारते हुए इस बार मेयर पद के लिए आरक्षित सामान्य महिला सीट पर वार्ड 3 से विजयी अनामिका शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे मुकाबला रोचक हो गया है। जीत के लिए 41 मतों की जरूरत है। भाजपा अपने पक्ष में 44 और कांग्रेस अपने पक्ष में 42 पार्षदों के होने के दावे कर रही है। सारा दारोमदार विजयी 11 निर्दलीय पार्षदों पर टिका है। मेयर की कुर्सी उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक पकड़ को लेकर उलझी नजर आने लगी है। वहीं सामान्य सीट पर सामान्य वर्ग को ही मेयर बनाए जाने की बात भी अब तेजी से हवा लेने लगी है। ब्राह्मण और बनिया समाज ने इस बाबत सामान्य वर्ग के पार्षदों को अंतरआत्मा से जाग्रत होकर मेयर चुने जाने की अपील की है।
गौरतलब है कि कांग्रेस से विजयी होकर भी मेयर पद के उम्मीदवार चयन से नाखुश अनेक पार्षद भाजपा सम्पर्क में हैं और उन्हीं से क्रास वोटिंग होने की संभावना है। यही कारण है
इस बार नगर निगम चुनाव में कांग्रेस 36 साल बाद 37 पार्षदों के साथ बोर्ड बनाने के बहुमत के नजदीक कांग्रेस बुरी तरह डरी हुई है। कांग्रेस ने अपने विजयी पार्षदों को अजमेर से बाहर अन्यत्र भेज दिया है।
बोर्ड बनाने के लिए उसे विजयी 11 निर्दलीय पार्षदों में से सिर्फ 4 की जरूरत है जबकि कांग्रेस के पास 5 निर्दलीय पार्षद चुनाव जीतने के बाद से ही खुले में अपना समर्थन व्यक्त कर चुके हैं। वहीं भाजपा 32 पार्षदों के साथ बोर्ड बनाने का दावा कर रही है दावा है कि कुछ निर्दलीय और कुछ कांग्रेस पार्षदों के साथ उनके पास 44 पार्षदों का समर्थन है। 21 सितम्बर को मतदान होने पर यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि आखिर भाजपा अपना किला अभेद्य बनाए रख पाती है अथवा कांग्रेस 36 साल बाद नगर निगम में वापसी करती है।
बहरहाल कांग्रेस की किरण गढ़वाल ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। शहरजिला अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष व अजमेर दक्षिण की पूर्व विधायक प्रत्याशी द्रौपदी कोली के साथ जाकर उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस की किरण ने वार्ड 57 से भाजपा की नीतू सिंह को 284 मतों से हराया है। किरण स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त हैं। उनके पति दिलीप गढ़वाल का मैरिज गार्डन है जबकि वे स्वयं गृहिणी हैं।