अजमेर मेयर पद के लिए भाजपा से अनामिका शर्मा ने दाखिल किया नामांकन

Spread the love

अजमेर, 16 सितंबर । अजमेर नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा की ओर से वार्ड तीन की नवनिर्वाचित पार्षद अनामिका शर्मा ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से अभी मेयर पद के प्रत्याशी के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। मेयर पद का चुनाव 21 सितंबर को होना है।

अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के चुनाव में कांग्रेस के 37, भाजपा के 32 और 11 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, ऐसे में मेयर चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने दावा किया कि पार्टी के पास बोर्ड बनाने के लिए पर्याप्त समर्थन है और 44 पार्षद उसके संपर्क में हैं। भाजपा की ओर से अनामिका शर्मा को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी ने उनके नामांकन के साथ बोर्ड गठन का दावा भी किया।

भाजपा विधायक अनिता भदेल ने भी निगम में भाजपा का बोर्ड बनने का भरोसा जताया। पूर्व उप महापौर नीरज जैन ने कहा कि कार्यकर्ताओं की ओर से अनामिका शर्मा के नाम पर सहमति बनी है। अनामिका शर्मा पहली बार पार्षद निर्वाचित हुई हैं। वह वार्ड तीन से 3,687 मत प्राप्त कर विजयी हुईं। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 2,733 मत मिले। नामांकन के बाद अनामिका शर्मा ने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जताया है और वह इस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

कांग्रेस खेमे में मेयर पद के लिए रश्मि शर्मा, रश्मि हिंगोरानी, किरण गढ़वाल और अन्य नामों पर चर्चा की जा रही है। किरण गढ़वाल वार्ड 57 से कांग्रेस की पार्षद निर्वाचित हुई हैं, जबकि रश्मि शर्मा वार्ड 69 से विजयी हुई हैं। नामांकन की अंतिम समय सीमा बुधवार दोपहर तीन बजे है। इसके बाद दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।