पशुधन स्वास्थ्य और नस्ल सुधार को मिल रही गति

Spread the love

बलरामपुर, 19 सितंबर । जिले में ‘सेवा-मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत संचालित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पशुपालकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। आज शनिवार को भी पशुधन विकास विभाग की टीमों ने गांवों में पहुंचकर पशुओं के स्वास्थ्य और नस्ल सुधार से जुड़े कार्य किए।

अभियान के तहत विभागीय अमला पशुपालकों के घर और गांवों तक पहुंचकर निःशुल्क पशु चिकित्सा और नस्ल सुधार की सेवाएं दे रहा है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए लम्पी स्किन डिजीज और बकरियों में एंटरोटॉक्सिमिया से बचाव का टीकाकरण किया जा रहा है।

इसके साथ ही बकरियों और गौवंशीय पशुओं में कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा भी दी जा रही है। सेक्स सॉर्टेड सीमन से पैदा हुई बछियों और पड़ियों का सत्यापन भी किया जा रहा है। विभाग के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य दुधारू पशुओं की संख्या बढ़ाने और पशुपालकों की आय के अवसरों को मजबूत करना है।

पशुधन विकास विभाग के कर्मचारी पशुपालकों को पशुओं के बेहतर रख-रखाव, संतुलित आहार और समय पर टीकाकरण के संबंध में जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा पशुपालकों को विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया जा रहा है।

विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि, वे इन सुविधाओं का लाभ लेने के लिए नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था या अपने क्षेत्र में भ्रमण करने वाले विभागीय दल से संपर्क करें। अभियान के माध्यम से गांव स्तर पर ही पशुधन के स्वास्थ्य और नस्ल सुधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।