अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी उत्तराखंड के गौरव पर हमला: गणेश जोशी

Spread the love

देहरादून, 22 सितंबर । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर मंगलवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि डोभाल पर टिप्पणी केवल एक व्यक्ति पर राजनीतिक हमला नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान से जुड़ा विषय है।

मंत्री जोशी ने कहा कि अजीत डोभाल ने दशकों तक देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए काम किया है। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े लोगों पर राजनीतिक टिप्पणी करते समय भाषा और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से डोभाल पर की गई टिप्पणी के लिए देश से माफी मांगने की मांग की।

कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर उत्तराखंड के सपूतों के प्रति कथित रूप से अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते लगाया। उन्होंने वर्ष 2017 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को लेकर कांग्रेस नेता की कथित टिप्पणी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल उत्तराखंड की धरती के गौरव हैं।

जोशी ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन देश की सुरक्षा के लिए जीवन समर्पित करने वाले लोगों के सम्मान की मर्यादा सभी दलों को बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों की भावनाओं का भी राजनीतिक दलों को ध्यान रखना चाहिए।

राहुल गांधी ने बीते दिनों एक कार्यक्रम में अजित डोभाल पर फोन और सोशल मीडिया जानकारी की निगरानी के आरोप लगाए थे।

————