ईरान ने स्टारलिंक ऑपरेशन्स को लेकर नॉर्वे के राजदूत को तलब किया

Spread the love

तेहरान, 05 अक्टूबर । ईरान ने स्टारलिंक ऑपरेशन्स को लेकर नॉर्वे के राजदूत को तलब किया है। यह कदम ईरान के कुछ हिस्सों में बिना इजाजत चल रहे स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट ऑपरेशन्स पर ओस्लो की लगातार कोई कार्रवाई न करने की नीति के विरोध में उठाया गया है।

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सरकारी प्रेस टीवी ने जारी विवरण में कहा कि ईरान के विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर जनरल मोहम्मद हसननेजाद पिरकूही ने रविवार को राजदूत पाल ब्योर्नस्टैड को बुलाकर विरोध का आधिकारिक नोट सौंपा। पिरकूही ने अमेरिका और इजराइल पर आरोप लगाया कि वे स्टारलिंक का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ हस्तक्षेप करने वाले एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए सुनियोजित तरीके से गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि स्टारलिंक का संबंध अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स से है।

उन्होंने कहा कि नॉर्वे संयुक्त राष्ट्र के इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन में स्टारलिंक सेवाओं के लिए रजिस्टर करने वाले देश के तौर पर अपनी कानूनी जिम्मेदारी को पूरा करने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा, ” नॉर्वे सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह ईरानी इलाके में बिना इजाजत स्टारलिंक ट्रांसमिशन को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए।” उन्होंने कहा कि नॉर्वे ने ईरान की गुजारिशों को नजरअंदाज किया है। इससे ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय संप्रभुता के लिए खतरा बढ़ गया।”