झारखंड में भ्रष्टाचार को लेकर हो रहे रोज नये-नये खुलासे : जयराम

Spread the love

पलामू, 06 अक्टूबर । झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष और डुमरी के विधायक जयराम महतो मंगलवार को पलामू दौरे पर पहुंचे। जिले के कई जगहों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मंगलवार को मेदिनीनगर में उन्होंने पलामू प्रमंडलीय कार्यालय का उदघाटन किया।

मौके पर जयराम महतो ने पत्रकारों से बात करते हुए राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में नेता हो या फिर अफसर, धन की लालच इतनी है कि भ्रष्टाचार के लगातार मामले सामने आ रहे हैं। परीक्षा एवं व्यवस्था कटघरे में खड़ी हो रही हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सुपियो भटाचार्य की पत्नी हो या फिर जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खेयांगते, सबको काला धन अर्जित करने की चाहत रही। हर दिन नये नये खुलासे हो रहे हैं। उनकी इसी सोच के कारण आज राज्य की स्थिति नारकीय बन गई है।

उन्होंने कहा कि धन की चाहत इतनी होनी चाहिए जितना से काम चल जाए, लेकिन ब्यूरोक्रेट और नेता सब कुछ दरकिनार कर धन भ्रष्टाचार कर धन अर्जित करने में जुटे हैं। इस कारण लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादाओं पर गहरा आघात पहुंच रहा है।

जयराम महतो ने भाषा विवाद पर कहा कि भाषामित्रों के नेतृत्व में टीम का गठन कर झारखंड के गांव-गांव सर्वे करना चाहिए। ग्रामीण कौन सी भाषा में बात करते हैं, जिसके बाद प्रखंड स्तर पर भाषा का चयन होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पलामू, झारखंड में बड़ा जिला है और यहां 21 प्रखंड हैं और इसलिए प्रखंड स्तर पर भाषा का चयन होना चाहिए। जयराम महतो ने कहा कि एक कोस में पानी और वाणी बदल जाती है। ऐसे में दूसरे जिले में बोली जानी वाली भाषा को किसी दूसरे जिले में थोपना कही से भी तर्कसंगत नहीं है।

मौके पर जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष दिलीप मेहता, आयशा सिंह, नीतीश तिवारी सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।