मुरहू सीएचसी में रक्तदान शिविर, पांच लोगों ने किया रक्तदान

Spread the love

खूंटी, 10 अक्टूबर । खूंटी सदर अस्पताल के रक्त केंद्र और एकजुट संस्था के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को मरहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 12 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। चिकित्सीय जांच के बाद इनमें से पांच लोग रक्तदान के योग्य पाए गए, जिनसे पांच यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

शिविर का उद्घाटन सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आशुतोष तिग्गा और एकजुट की जिला कार्यक्रम समन्वयक सुभाषी लकड़ा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर डॉ. तिग्गा ने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के जरिए जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने शिविर आयोजित करने के लिए एकजुट संस्था के प्रयासों की सराहना की और नियमित रूप से ऐसे आयोजन करने का आग्रह किया।

शिविर के आयोजन में रक्त केंद्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीता होरो, काउंसलर निशांत झा और सुजीत नाग ने योगदान दिया। वहीं, एकजुट संस्था के जिला समन्वयक नामेश्वर बड़ाईक, प्रखंड समन्वयक महावीर बोदरा, रक्षा कुमारी और सशक्त टीम के सदस्यों ने सहयोग किया।

आयोजक संस्था ने रक्तदाताओं और शिविर के सफल संचालन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। साथ ही आम लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।————